कोलकाता ! केंद्रीय वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी ने एएमआरआई अस्पताल अग्निकांड त्रासदी को अपने तरीके से संभालने के लिए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की शनिवार को प्रशंसा की। बनर्जी ने एक अस्पताल के बाहर पेड़ के नीचे कुर्सी पर घंटों बैठकर हादसे के शिकार हुए लोगों के परिजनों की मदद की।
मुखर्जी ने कहा, ''आप सभी जानते हैं कि इस तरह की त्रासदी को कोई रोक नहीं सकता। लेकिन जिस तरीके से मुख्यमंत्री ने त्रासदी से निपटने की कोशिश की, लोगों का धैर्य बंधाया और मदद के लिए आगे आईं, हम यही कह सकते हैं कि यह प्रशंसनीय है।''
वित्त मंत्री यहां पूर्वी क्षेत्र के मुख्यमंत्रियों और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक प्रमुखों की बैठक में शामिल हुए जिसमें बनर्जी भी उपस्थित थीं।
उल्लेखनीय है कि एएमआरआई अस्पताल अगि्कांड के बाद ममता बनर्जी ने साहसिक और धैर्यपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने न केवल बचाव कार्य की निगरानी की, बल्कि भीड़ को भी सम्भाला और एसएसकेएम अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शवों को तत्परता के साथ बाहर निकलवाया।
अधिकारियों और प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि बनर्जी ने अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए और वह अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ सात घंटे तक देर रात तक अस्पताल में बैठी रहीं, वह भी बगैर भोजन-पानी के।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार तड़के 3.30 बजे जब मरीज सो रहे थे, तभीअस्पताल में अचानक आग लग गई जिसमें लगभग 91 लोगों की मौत हो गई। अधिकांश नर्स, चिकित्सक तथा अन्य कर्मचारी भाग निकले। इस दौरान कई गम्भीर मरीजों की अस्पताल के बिस्तर पर ही मौत हो गई।
No comments:
Post a Comment