Saturday, 10 December 2011

सदाबहार अभिनेता देव आनंद पंचतत्व में विलीन


लंदन/मुंबई/अमर उजाला ब्यूरो/एजेंसी।
Story Update : Sunday, December 11, 2011    1:33 AM
Evergreen actor Dev Anand goes up in flames
छह दशकों से भी अधिक समय तक लाखों-करोड़ों दिलों पर राज करने वाले सदाबहार अभिनेता देव आनंद शनिवार को यहां पंचतत्व में विलीन हो गए। परिवार और कुछ करीबी लोगों के बीच भारतीय समयानुसार शाम साढ़े पांच यहां के प्यूटनी वेल शवदाह गृह में देव साहब का पूरे हिंदु रीति-रिवाजों के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

अभी न जाओ छोड़कर कि दिल अभी भरा नहीं और गाता रहे मेरा दिल जैसे उनकी फिल्मों के कुछ सुप्रसिद्ध गीतों के बीच बड़ी संख्या में लोगों ने इस बेमिसाल शख्सियत को अश्रुपूर्ण नेत्रों से अंतिम विदाई दी। भारतीय फिल्मों के इतिहास में मोहब्बत के मसीहा के रूप में पहचान बनाने वाले देव साहब का 3 दिसंबर को 88 वर्ष की उम्र में यहां के एक होटल में हार्ट अटैक से निधन हो गया था। इस मौके पर देव आनंद के बेटे सुनील और बेटी देविना सहित लॉर्ड मेघनाद देसाई, भारत के राजदूत राकेश प्रसाद, लॉर्ड करण बिलीमोरिया और करतार ललवानी मौजूद थे।

भारत में भले ही देव आनंद के प्रशंसक अपने चहेते स्टार की अंतिम झलक नहीं देख पाए, लेकिन उनकी अस्थियां मुंबई ले जाईं जाएंगी, जहां उन्होंने करीब 60 सालों तक लगातार प्रशंसकों का मनोरंजन किया। देव आनंद के बेटे सुनील आनंद के अनुसार पूरा परिवार 14 दिसंबर को देव साहब की अस्थियां लेकर मुंबई आएगा। 15 दिसंबर को मुंबई के बाणगंगा में विसर्जन किया जाएगा। उसी दिन शाम को देव आनंद की स्मृति में बॉलीवुड की ओर से शोक सभा का आयोजन होगा और महबूब स्टूडियो में देव आनंद को श्रद्धांजलि दी जाएगी।

लंदन के विंबल्डन कॉमन के बेहद खूबसूरत स्थान और 47 एकड़ में फैले जिस शवदाह गृह में देव साहब का अंतिम संस्कार किया गया वहां जाने-माने अभिनेता डेविड लीन, ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री केलेमेट एटली, विंसटन चर्चिल की पत्नी, मलेरिया रोग की दवा के खोजकर्ता सर रोनॉल्ड रास, मूर्तिकार जैकॉब एप्सटीन, पुरातत्ववेदी हावर्ड कारटर का भी अंतिम संस्कार किया गया था।

No comments:

Post a Comment