Sunday, 11 December 2011

कोलकाता अग्निकांड : एएमआरआई के खिलाफ प्रदर्शन जारी

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के एएमआरआई अस्पताल में हुए भीषण अग्निकांड में 91 से अधिक लोगों की मौत से गुस्साए लोगों ने रविवार को भी अपना प्रदर्शन जारी रखा। विभिन्न पोस्टर लेकर अस्पताल परिसर में जुटे सैकड़ों लोग अधिकारियों को कड़ी सजा देने की मांग कर रहे थे।



स्थानीय निवासियों ने अस्पताल प्रबंधन द्वारा 'जबरन छीना' गया अस्पताल के नजदीक का खेल मैदान वापस देने की मांग भी की।



दक्षिणी कोलकाता के ढाकुनिया इलाके पंचाननतला के कुछ निवासी हाथों में पोस्टर लिए हुए थे, जिस पर लिखा था, "अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस बल की मदद से जमीन छीन ली। हम चाहते हैं कि वह जमीन जो हमारा खेल मैदान था, हमें वापस दी जाए।"



अस्पताल के नजदीक रहने वाले शम्भू दास ने कहा, "उस जमीन पर उन्होंने एक पार्क बना लिया है जो हमारे लिए थी। वह जमीन कोलकता महानगर विकास प्राधिकरण (केमडीए) की है। अस्पताल प्रबंधन ने वह जमीन जबरन हड़प ली। हम चाहते हैं कि वह जमीन हमें वापस दी जाए, ताकि पहले की तरह हम उसका उपयोग खेल मैदान के रूप में कर सकें।"




एक अन्य पोस्टर में दिखाया गया कि स्थानीय लोग हाथों में कई ट्रॉफियां लिए हुए हैं जो उन्होंने कथित मैदान पर खेलकर जीती थी और वे अधिकारियों पर 2006 में जबरन जमीन हड़पने का आरोप लगा रहे हैं।




लोगों के प्रदर्शन पर टिप्पणी देने के लिए अस्पताल के अधिकारी सामने नहीं आए।





सोशलिस्ट युनिटी सेंटर ऑफ इंडिया-कम्युनिस्ट (एसयूसीआई-सी) सहित कई राजनीतिक दलों के पोस्टर भी अस्पताल की दीवारों पर चिपके हुए थे जिनमें निजी-सरकारी साझेदारी के तहत बने इस अस्पताल में गलत कार्य करने वालों को कड़ी सजा देने की मांग की गई थी।



उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को अस्पताल के बेसमेंट में आग लगी थी। आग अन्य मंजिलों तक फैल गई और इसकी चपेट में आने से मरीजों और कर्मचारियों सहित 91 लोगों की मौत हो गई। कमरों में धुआं भर जाने पर अधिकांश नर्स, चिकित्सक एवं अन्य कर्मचारी तो भाग निकले, लेकिन कई गम्भीर मरीज जो बिस्तर से उठ नहीं पाए, उनकी दम घुटने से मौत हो गई।

No comments:

Post a Comment